आपदा राहत व रेस्क्यू का प्रशिक्षण
एनडीआरएफ टीम ने पुलिस लाइन रोशनाबाद में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट कांस्टेबल को आपदा राहत व रेस्क्यू के गुर सिखाए। एनडीआरएफ टीम ने पुलिस कांस्टेबल को आपदा के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों के बारे में भी जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के प्रयासों से 15 बीएन एनडीआरएफ टीम ने पुलिस लाइन रोशनाबाद ट्रेनिंग सेंटर में कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में टीम ने प्रशिक्षण ले रहे रिक्रुट आरक्षियों को आपदाकाल में फंसे लोगों तक अपनी पहुंच बनाने, खाद्य सामग्री पहुंचाने, उन्हे रेस्क्यू करने, सुरक्षित रुप से बाहर निकालने एवं आवश्यकता पड़ने पर मौके पर प्राथमिक उपचार देने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं को आपदा के दौरान इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरणों की प्रयोग की विधि, उपकरणों में समस्या आने पर समस्याओं को तत्कालिक रुप से सही करने सहित विभिन्न जानकारियों को सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक रुप से जानकारी दी गयी। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य अधिकांश पर्वतीय भुभाग से आच्छादित और अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण भविष्य में उत्तराखंड पुलिस की बागडोर संभालने के लिए तैयार किए जा रहे रिक्रुट आरक्षियों के लिए पुलिस ट्रेनिंग के साथ आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण बेहद सकारात्मक, उपयोगी एवं महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *