अखाडा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी ने पूजा अर्चना के पश्चात श्रीगंगा कलश यात्रा को पशुपति नाथ धाम रवाना किया
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने गंगोत्री धाम से हरिद्वार पहुंची श्री गंगा कलश यात्रा का निरंजनी अखाड़े में भव्य स्वागत किया। चरण पादुका मंदिर में स्वागत के बाद विधिवत पूजा अर्चना के पश्चात यात्रा को नेपाल के पशुपति नाथ मंदिर के लिए रवाना किया। बुधवार को विशाल कलश में पांच हजार लीटर गंगा जल लेकर गंगोत्री धाम के रावल शिव प्रकाश महाराज हरिद्वार पहुंचे थे। गंगोत्री धाम से लाए गए जल से पूरे वर्ष पशुपति नाथ धाम में भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने बताया कि गंगोत्री धाम से लाए गए इस पवित्र जल को नेपाल स्थित पशुपतिनाथ महादेव को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान केदारनाथ और पशुपतिनाथ के बीच विशेष आध्यात्मिक संबंध है। मान्यता के अनुसार केदारनाथ धाम में भगवान शिव के पिछले भाग की पूजा होती है, जबकि पशुपतिनाथ में उनके मुख भाग की पूजा की परंपरा है। उन्होंने गंगोत्री धाम के रावल शिव प्रकाश महाराज के प्रयासों की सराहना करते हुए श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि प्राचीन धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने और भारत-नेपाल के आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले वर्ष में इस यात्रा को और अधिक भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा। रावल शिव प्रकाश महाराज ने कहा कि प्राचीन काल से चली आ रही परंपरा के अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के पश्चात गंगोत्री से गंगाजल नेपाल स्थित पशुपति धाम ले जाया जाता है और भगवान पशुपति नाथ का अभिषेक किया जाता है। इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महंत राज गिरी, प्रोफेसर सुनील बत्रा, डा.विशाल गर्ग, पंडित अधीर कौशिक सहित बड़ी संख्या में संत महंत एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
2026-11-18












