आज नगर प्रवेश करेगी जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात
श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात शनिवार 21 नवम्बर को गोधूलि बेला में नगर प्रवेश करेगी। रमता पंचों की जमात पहुंचने के साथ ही अखाड़े में कुंभ मेले की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। जमात के हरिद्वार पहुंचने पर जूना अखाड़े के नागा सन्यासियों, श्रद्धालुओं और प्रशासन द्वारा जमात का स्वागत किया जाएगा
जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के अनुसार पूर्व निर्धारित शुभ मुहूर्त में जमात हरिद्वार पहुंचेंगी। जमात कुंभ के सकुशल व निर्विघ्न संपन्न होने की कामना के साथ उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थों चारों धाम, मां नंदा देवी, ओम पर्वत, आदि कैलाश, मां पूर्णागिरि की पूजा-अर्चना करेगी। इसके बाद हरिद्वार के पौराणिक तीर्थों हरकी पैड़ी पर मां गंगा, दक्षेश्वर महादेव, नगर की अधिष्ठात्री देवी माया देवी, बिल्वकेश्वर महादेव, गौरी शंकर महादेव और नीलेश्वर महादेव की पूजा होगी। अंत में ज्वालापुर स्थित पांडे वाला में माता ज्वाला देवी के दर्शन कर जमात वहीं शिविर स्थापित करेगी। श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि जमात का पांडे वाला में रुकना सनातन परंपरा है। प्राचीन काल में मायापुरी हरिद्वार में रात्रि विश्राम निषेध माना जाता था, इसलिए यात्री और नागरिक ज्वाला देवी के नाम पर बसे ज्वालापुर में ही विश्राम करते थे। प्राचीन काल से चली आ रही परंपरा का निर्वाह जूना अखाड़ा आज भी करता है। श्रीमहंत हरि गिरी महाराज के अनुसार पांडे वाला का प्राचीन नाम पांडव वाला था, जहां पांडवों ने अंतिम हिमालय यात्रा के दौरान विश्राम कर मां ज्वाला देवी की पूजा करने के पश्चात हिमालय की ओर प्रस्थान किया था।
श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि अखाड़े द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 21 नवम्बर को रमता पंचों की जमात का नगर प्रवेश होगा। 1 दिसम्बर को भैरव अष्टमी पर अभिजीत मुहूर्त में भूमि पूजन किया जाएगा। 23 दिसम्बर को भगवान दत्तात्रेय जयंती पर शुभ मुहूर्त में धर्म ध्वजा स्थापित की जाएगी। इसी के साथ धार्मिक दृष्टि से कुंभ का विधिवत शुभारंभ माना जाएगा। 14 जनवरी को उत्तरायण मकर संक्रांति पर भव्य पेशवाई निकाली जाएगी।
मेला प्रशासन के अनुसार हरिद्वार अर्धकुंभ मेला 14 जनवरी से 20 अप्रैल तक चलेगा। जिसमें 10 प्रमुख स्नान होंगे। 6 मार्च महाशिवरात्रि, 8 मार्च फाल्गुन अमावस्या और 14 अप्रैल को मेष संक्रांति बैशाख स्नान सहित तीन अमृत स्नान होंगे। अमृत स्नान को पहले शाही स्नान कहा जाता था। कुंभ में अखाड़ों के नागा संन्यासियों की पेशवाई और अमृत स्नान सबसे बड़े आकर्षण होते हैं।
रमता पंच अखाड़े की चलायमान पंचायत होती है, जो कुंभ से पहले नगर में आकर छावनी, धर्म ध्वजा और पेशवाई की तैयारियों का मार्ग प्रशस्त करती है। इसके बाद ही अखाड़ा पूरी तरह कुंभ नगरी में स्थापित होता है। 21 नवम्बर को जूना अखाड़े की जमात के नगर प्रवेश के साथ ही कुंभ मेले की चहल पहल शुरू हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *