अनूप जलोटा ने हरकी पैड़ी पर की कर्मो का फल की शूटिंग
प्रसिद्ध भजन सम्राट और पद्मश्री से सम्मानित गायक अनूप जलोटा ने हरकी पैड़ी पर आगामी शो कर्मों का फल की शूटिंग की। दिनेश असोपा द्वारा निर्मित यह शो भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के लिए बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ऐसी प्रेरणादायक कहानियां प्रस्तुत करना है, जो जीवन के एक शाश्वत सत्य को उजागर करती है। शो के संबंध में जानकारी देते हुए अनूप जलोटा ने कहा कि कर्म हर व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हम जो भी करते हैं, उसका परिणाम हमें किसी न किसी रूप में अवश्य मिलता है। ऐसी कहानियों के माध्यम से दर्शक अच्छे कर्मों का महत्व समझ सकते हैं और अपने दैनिक जीवन के लिए महत्वपूर्ण सीख ले सकते हैं। व्यक्ति के कर्म और उसके फैसले ही उसके जीवन की दिशा तय करते हैं। इस श्रृंखला में अलग-अलग कहानियों के माध्यम से इस विचार को रोचक और सहज अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। शूटिंग के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती ने बताया कि कर्मों का फल की हर कहानी अपने भीतर एक संदेश समेटे हुए है। जयदेव चक्रवर्ती टेलीविजन के कई धारावाहिकों और फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। अपने अनुभव के साथ वह इस श्रृंखला को एक ऐसा रूप देने का प्रयास कर रहे हैं, जिसमें हर एपिसोड दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ एक सार्थक संदेश भी दे। निर्माता दिनेश असोपा ने कहा के भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के माध्यम से हमारा प्रयास दर्शकों को विभिन्न प्रकार की सामग्री उपलब्ध कराना है। इसमें भजन, भक्ति कार्यक्रम, धार्मिक और ऐतिहासिक कहानियों के साथ अन्य सार्थक मनोरंजक कार्यक्रम भी शामिल होंगे। शो की निर्माण टीम में दिनेश असोपा निर्माता, जयदेव चक्रवर्ती निर्देशक, भावना शर्मा क्रिएटिव हेड और गोपाल वर्मा पटकथा एवं संवाद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *