अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर कब्जे का आरोप, समाजसेवी नितिन यादव ने दिया धरना, जांच न होने पर पैदल मार्च की चेतावनी
भूपतवाला स्थित अमेरिकन आश्रम की संपत्ति को लेकर विवाद बढ़ गया है। आश्रम की जमीन पर कब्जे और खुर्द-बुर्द का आरोप लगाते हुए शिव नगर रानीगली निवासी समाजसेवी नितिन यादव यदुवंशी ने अमेरिकन आश्रम के गेट के सामने प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान नितिन यादव ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफियाओं द्वारा अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर कब्जा कर उसे खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया जा रहा है। आश्रम की कई बीघा जमीन को दूसरी प्रॉपर्टी में मिलाकर रातों-रात सीमेंट की दीवार खड़ी कर दी गई है और आश्रम की भूमि पर कब्जा कर लिया गया है।

नितिन यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस संपत्ति की जल्द जांच नहीं होती है तो अमेरिकन आश्रम से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक क्षेत्रवासियों के साथ पैदल मार्च निकाला जाएगा। समाजसेवी कपिल जौनसारी और हिमांशु वर्मा ने कहा कि पिछले कई सालों से इस संपत्ति पर लोग कब्जा करना चाहते हैं। पहले भी हमारें द्वारा हरिद्वार जिला मजिस्ट्रेट और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिव नगर गली निवासी दिनेश खड़का, ओम मलिक और रितेश ने कहा कि हरिद्वार प्रशासन को अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करने वालों की जांच करनी चाहिए और उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराना चाहिए। इस दौरान प्रर्दशन करने वालों में शिवकुमार राजपूत, शुभम जोशी, लव पांडे, करन पंत, मोनू राजपूत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।












