कलयुग की वैतरणी है श्रीमद्भागवत-स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती
श्री गीता विज्ञान आश्रम के तत्वावधान में राजा गार्डन स्थित श्री हनुमान मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ के अवसर पर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी। श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ करते हुए कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कलयुग की वैतरणी है। जिसका श्रवण करने मात्र से ही भक्त भवसागर से पार उतर जाता है। श्रीमद्भागवत का महत्व समझाते हुए उन्होंने कहा कि इस पंचम वेद में सभी धर्म ग्रंथों का सार है और इस कथा रूपी सरस फल में सब कुछ ग्राह्य है कुछ भी त्याज्य नहीं है। श्रीमद्भागवत को भक्त और भगवान की कथा बताते हुए उन्होंने कहा कि जो भी भक्त सच्चे मन से भगवान का स्मरण करता है। उसका कल्याण हो जाता है। भगवान के दरबार में न ही देर है, न ही अंधेर और भक्त को जिस रूप में भगवान की आवश्यकता होती है। भगवान उसी रूप में आकर अपने भक्त की सहायता करते हैं। सभी भक्तों ने व्यास पीठ की आरती उतार कर विश्व कल्याण की कामना की।
2026-07-21












