महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज बोले—यूसीसी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और परिवार व्यवस्था को देगा नई मजबूती
उत्तराखंड ने दिखाई राह, अब पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू करे केंद्र सरकार: करौली शंकर महाराज
मध्य प्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित होने पर संत समाज ने इसका स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय बताया है। नया उदासीन बड़ा अखाड़ा के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि उत्तराखंड के बाद मध्य प्रदेश का यह कदम देश में समान कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अन्य राज्य भी यूसीसी लागू कर संविधान की समानता की भावना को और मजबूत करेंगे। मीडिया से बातचीत में करौली शंकर महाराज ने कहा कि कोई भी कानून तभी प्रभावी होता है जब उसका ईमानदारी और सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को मजबूत करने के साथ-साथ परिवार व्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगी। एक पत्नी के रहते दूसरी शादी या विवाहेतर संबंध जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाने में यूसीसी अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू करने की मांग करते हुए कहा कि एक समान कानून से सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान न्याय मिलेगा। इससे सामाजिक समरसता, पारदर्शिता और राष्ट्रीय एकता को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यूसीसी किसी वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान की भावना के अनुरूप सभी नागरिकों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।













