युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
धर्म, समाज और राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाएगे — पंडित अधीर कौशिक
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के संयोजन में चरण पादुका मंदिर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर रविवार को सनातन एकता, धर्म रक्षा और सामाजिक जागरण के संकल्प का साक्षी बना। शिविर में श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज के निर्देशन में सनातन समाज को एकजुट करने और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प लिया। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने अखाड़े के सदस्यों को रुद्राक्ष की माला पहनाकर एवं श्री स्कंद सुधा पुस्तक भेंट कर आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और अपनी सनातन परंपराओं से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। श्री अखंड परशुराम अखाड़े द्वारा बच्चों और युवाओं को निःशुल्क शस्त्र एवं शास्त्र शिक्षा देकर उन्हें संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि शास्त्र मनुष्य को ज्ञान देता है और शस्त्र आत्मरक्षा तथा अन्याय के सामने खड़े होने का साहस देता है। अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ने श्री अखंड परशुराम अखाड़े के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि भगवान परशुराम के नाम पर स्थापित अखाड़ा समाज में सराहनीय कार्य कर रहा है। बेटियों को शस्त्र एवं आत्मरक्षा की शिक्षा देने के अभियान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का ज्ञान भी दिया जाना चाहिए। विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बेटियों के लिए सुरक्षा कवच बन सकता है। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने घोषणा की जब भी परशुराम सेना की आवश्यकता होगी। अखाड़े का प्रत्येक कार्यकर्ता श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के निर्देशानुसार धर्म, समाज और राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाएगा। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि अखाड़ा सामाजिक कुरीतियों और बुराइयों के खिलाफ निरंतर आवाज उठाता रहेगा तथा प्रत्येक सनातनी के साथ खड़ा रहेगा। कथा व्यास पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि सनातन एकता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। श्री अखंड परशुराम अखाड़ा सभी सनातनियों को एक सूत्र में जोड़ने और समाज में आपसी भाईचारा मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य करेगा। इस अवसर पर कुलदीप शर्मा, स्वामी कार्तिक महाराज, श्री रुद्रानंद महाराज, पंडित विष्णु प्रसाद शास्त्री, आचार्य शिव नारायण शर्मा, अमित भारद्वाज, विष्णु गौड़, बृजमोहन शर्मा, संजय शास्त्री, दिनेश बाली, पंडित आदित्य जगूड़ी, उदयमणि, दीपक ओझा, पंडित विश्वास, आचार्य चूड़ामणि, मनोज ठाकुर, ऋषि शर्मा सहित श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *