लगातार जारी है उछाली आश्रम का कांवड़ सेवा शिविर
सेवा, श्रद्धा और समर्पण का पर्व है कांवड़ यात्रा-श्रीमहंत विष्णु दास
श्रवण नगर स्थित श्री गुरु सेवक निवास उछाली आश्रम द्वारा आयोजित कांवड़ सेवा शिविर लगातार जारी है। शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ियों को सेवा भाव के साथ चाय नाश्ता, जलपान और भोजन कराया जा रहा है। शिवभक्त शिविर में सुबह दस बजे से भोजन और जलपान ग्रहण कर रहे हैं। उछाली आश्रम के श्रीमहंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, श्रद्धा और समर्पण का भी पर्व है। शिवभक्तों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। उन्होंने कहा कि आश्रम की ओर से कांवड़ियों के लिए शिविर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। आश्रम के संत और सेवादार कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को भी लगातार बेहतर किया जा रहा है। उन्होंने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। सेवा कार्यों में महंत प्रेम दास. महंत सीताराम दास. महंत कन्हैया दास. राघवेन्द्र दास, पुनीत दास, अमन दास, सुभाष, सुरेश खेड़ा, रमेश खनेजा सहित कई स्वयंसेवक सहयोग कर रहे हैं।
2026-08-09












