धर्म सत्ता के बिना अधूरी है राजसत्ता-श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी
उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज से भेंटवार्ता की। निरंजनी अखाड़े में भेंटवार्ता के दौरान अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने मुफ्ती शमून कासमी का स्वागत किया और कहा कि राजसत्ता धर्म सत्ता के बिना अधूरी है। प्राचीन काल से ही धर्म गुरूओं के मार्गदर्शन में राजसत्ता ने जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन होना है। कुंभ मेले के दौरान विभिन्न अखाड़ों के संत महापुरूषों के शिविर से गूंजने वाले आध्यात्मिक संदेशों से पूरे विश्व को मार्गदर्शन मिलेगा। मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कुंभ मेले के भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजन को लेकर संकल्पबद्ध है। कुंभ मेले के दौरान संत महापुरूषों और श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं मिलें। इसके लिए लगातार सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार समाज के सभी वर्गो के कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है। अल्पसंख्यक समाज को भी सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है। उन्होने कहा कि संत महापुरूषों के आशीर्वाद से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार का गठन कर इतिहास बनाएगी। इस दौरान निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महंत राज गिरी सहित कई संत महंत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *