धर्मनगरी हरिद्वार में एक परिवार ने सनातन धर्म में आस्था जताते हुए हिंदू धर्म अपनाया है। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी माहिद अपनी पत्नी सबीना और तीन बच्चों के साथ हरिद्वार के चंडी घाट पहुंचे। यहां गंगा पूजन, हवन और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ परिवार ने हिंदू धर्म स्वीकार किया। परिवार का कहना है कि उन्होंने यह निर्णय अपनी स्वेच्छा से लिया है और काफी समय से सनातन धर्म के रीति-रिवाजों और त्योहारों का पालन करते आ रहे हैं।
गुरुवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर पीलीभीत निवासी एक परिवार ने धार्मिक अनुष्ठान के बाद सनातन धर्म में घर वापसी की। माहिद अपनी पत्नी सबीना और तीन बच्चों के साथ हरिद्वार पहुंचे, जहां गंगा पूजन और हवन के बाद हिंदू धर्म की धार्मिक परंपराओं के अनुसार अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
परिवार की ओर से बताया गया कि उन्होंने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से सनातन धर्म को अपनाने का निर्णय लिया है। माहिद ने धर्म परिवर्तन के बाद अपना नाम मोहित रखा है। उनका कहना है कि सनातन धर्म में उन्हें सम्मान, दया और शांति का अनुभव हुआ, जिसके चलते उन्होंने परिवार के साथ यह निर्णय लिया।
वहीं, मोहित की पत्नी सबीना बीबी ने अपना नाम खुशी रखा है। उन्होंने बताया कि परिवार लंबे समय से हिंदू धर्म के त्योहारों और रीति-रिवाजों को मानता आ रहा था। सनातन धर्म में आस्था और शांति महसूस होने के बाद उन्होंने अपने बच्चों के साथ विधि-विधान से घर वापसी का निर्णय लिया।
तीर्थ सेवा न्यास के संत रामविशाल दास ने बताया कि परिवार ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म को समझने के बाद घर वापसी का निर्णय लिया है। गंगा स्नान और हवन के बाद परिवार के नामकरण संस्कार की प्रक्रिया भी पूरी कराई जा रही है।












