सुराज सेवा दल ने पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में निकाली युवा न्याय यात्रा, प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

देहरादून में हुए पेपर लीक मामले के बाद प्रदेश में युवाओं का गुस्सा उबाल पर है। हरिद्वार में सुराज सेवा दल ने पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में युवा न्याय यात्रा निकालकर प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए दोनों मंत्रियों को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
शुक्रवार को सुराज सेवा दल की युवा न्याय यात्रा रानीपुर मोड़ से शुरू होकर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पहुंची।

यात्रा में हजारों की संख्या में युवा, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर युवाओं ने पेपर लीक माफिया के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि देश का युवा दिन-रात मेहनत कर भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन पेपर लीक और भर्ती घोटाले उसकी मेहनत और भविष्य दोनों से खिलवाड़ कर रहे हैं। देहरादून में बार-बार पेपर लीक होना साबित करता है कि सिस्टम में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार है। इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि पेपर लीक सिर्फ परीक्षा की गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सपनों पर हमला है। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे रैकेट का पर्दाफाश कर दोषी अधिकारियों और माफियाओं को जेल नहीं भेजा जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
सुराज सेवा दल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर चार सूत्रीय मांग की है – सभी भर्ती घोटालों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो, दोषियों को कठोर सजा मिले, भर्ती परीक्षाओं को पूर्ण रूप से पारदर्शी बनाया जाए और राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से इस्तीफा लिया जाए।
इस दौरान सुमित अग्रवाल, हिमांशु धामी, अमित अग्रवाल, राजेश थापा, पूजा नेगी, संगीता बिष्ट, कुनाल, शिवम्, इंतजार, नौशाद अलीम, नफीस, अजय, नितिन कटारिया, सतवीर, फिरोज, विनोद राणा, उज्जवल, हकम, सुंदर सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *