गुरु पूर्णिमा से शुरू होगा गुरु रविदास के 650वें प्रकाशोत्सव का राष्ट्रव्यापी अभियान, 29 जुलाई से देशभर के रविदास मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन व सदस्यता संकल्प अभियान शुरू होगा, 30 जुलाई को मंडावर बॉर्डर पर वाराणसी से आ रही स्वर्णिम कलश यात्रा का होगा भव्य स्वागत

शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ की उत्तराखंड कोर कमेटी की बैठक रविवार को सिडकुल स्थित एक होटल में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2027 में संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें प्रकाशोत्सव को भव्य रूप से मनाने और गुरु पूर्णिमा से शुरू होने वाले देशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।


राज्यमंत्री और राष्ट्रीय सचिव देशराज कर्णवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समरसता और हिंदुत्व के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म व हिंदुत्व को जिंदा रखना है। उनके पद चिन्ह पर चलना होगा और धर्मपरिवर्तन को रोकना होगा।
राज्यमंत्री सुरेंद्र मोगा ने कहा कि संत गुरु रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से स्वर्णिम कलश यात्रा 30 जुलाई को सहारनपुर पहुंचेगी। इसके बाद उत्तराखंड सीमा स्थित मंडावर चौकी पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा और स्थानीय रविदास मंदिर में कलश दार्शनिक के लिए विश्राम कराया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष प्रो. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत कुमार और अंतरराष्ट्रीय महामंत्री आत्माराम भाई परमार के निर्देशन में 29 जुलाई से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के रविदास मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ सदस्यता संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक चलेगा।
प्रदेश महामंत्री संगठन सतीश कुमार ने कहा कि गुरु रविदास के 650वें प्रकाशोत्सव को देश और विदेश में श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाने की तैयारियां चल रही हैं। अभियान के माध्यम से समाज को जोड़ने और गुरु रविदास के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता संरक्षक मोदीमल तेगवाल और संचालन जिलाध्यक्ष देशराज कपिल ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव सुबोध राकेश, प्रांतीय संरक्षक किशोर कुमार, पीठ की प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा बरखा रानी, विजयपाल, जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार, लक्सर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार, प्रवीण कुमार, स्वराज सिंह, कथा वाचक सागर आनंद, मनीराम, सुमित सम्राट, डॉ. संदीप कुमार, सेवाराम भारती, देहरादून संजीव कुमार, अधिवक्ता नेहा बर्मन, जोगेंद्र सिंह, जिला महामंत्री दयाराम, दीपक सूर्या, जोनी कसेरिया, मनीराम, संजय कुमार, करन सिंह सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *