डीएम ने किया कांवड़ मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन व 141 सेक्टरों में विभाजित
सुपर जोनल अधिकारी, जोन अधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनाती की
श्रावण कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन एवं 141 सेक्टरों में विभाजित करते हुए सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, घाटों की व्यवस्था, कांवड़ मार्गों की सुचारु स्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करें। समस्या अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी मेला अवधि के दौरान अपने क्षेत्र में लगातार मौजूद रहकर नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं सुविधाओं के संबंध में किसी भी शिकायत का तत्काल निस्तारण किया जाए। सभी सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करें।
इन अधिकारियों को दी गयी जिम्मेदारी-
नगर आयुक्त नंदन कुमार हरकी पैड़ी क्षेत्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती अपर रोड़ अपर जिलाधिकारी योगेश मेहरा मनसा देवी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह खड़खड़ी, अपर मेलाधिकारी मनजीत सिंह सप्तऋषि बॉर्डर एक से पंतद्वीप तक, संयुक्त आयुक्त राज्य कर नीरज कुमार हाईवे प्रथम, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी रोड़ी बेलवाला, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रमेश कुंवर हाईवे द्वितीय, जिला विकास अधिकारी कमलेश पंत सिंहद्वार से पतंजलि योगपीठ, जिला होम्योपैथी चिकित्साधिकारी डा.विकास ठाकुर पतंजलि योगपीठ से अब्दुल कलाम चौक, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह मंगलौर, एसडीएम भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी कलियर व भगवानपुर, नगर आयुक्त रूड़की गोपाल राम बिनवाल रुड़की/गंगनहर, एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला लक्सर क्षेत्र, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी बीएचईएल, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा.स्वास्तिक धनौरी नहर पटरी, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रदीप कुमार बैरागी कैंप, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.एससी जोशी गंगापार क्षेत्र सुपर जोन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को शेष 40 जोन एवं 141 सेक्टरों में तैनात किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण कांवड़ मेला सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। ऐसे में सभी अधिकारी टीम भावना, संवेदनशीलता एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देशभर से आने वाले करोड़ों शिवभक्त कांवड़ियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *