भाजपा पार्षद आकाश भाटी ने की अमेरिकन आश्रम की धार्मिक संपत्ति की जांच की मांग
भाजपा पार्षद आकाश भाटी ने भूपतवाला स्थित ऐतिहासिक अमेरिकन आश्रम स्वामी देवानंद ट्रस्ट की धार्मिक संपत्ति को लेकर सामने आ रही शिकायतों एवं आरोपों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि अमेरिकन आश्रम भूपतवाला की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण धरोहर है। आश्रम की भूमि को लेकर जिस प्रकार चाहरदीवारी, निर्माण एवं भूमि के उपयोग में बदलाव की बातें सामने आ रही हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रस्ट की संपत्ति के संबंध में किसी प्रकार का विक्रय, हस्तांतरण अथवा निर्माण नियमों एवं सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना किया गया है, तो इसकी गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। आकाश भाटी ने मांग की कि जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों द्वारा पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। ट्रस्ट की भूमि के स्वामित्व, विक्रय एवं हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाए। जांच पूरी होने तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार के नए निर्माण अथवा कब्जे पर रोक लगाई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। अमेरिकन आश्रम की धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान और उसकी संपत्ति को सुरक्षित रखा जाए। आकाश भाटी ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं की संपत्ति केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, संत समाज और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी धरोहर है। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक संस्था की संपत्ति को लेकर यदि अनियमितता की शिकायत सामने आती है तो प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाए और यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
2026-08-17












