शारदीय कांवड़ यात्रा संपन्न के बाद हरिद्वार में मंदी का दौर शुरू
शारदीय कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि का पर्व संपन्न होने के बाद हरिद्वार में फिर से मंदी का दौर शुरू हो गया है। अपर रोड, मोती बाजार और अन्य बाजारों में दुकानदार ग्राहकों के लिए तरस रहे हैं। मंदी का सामना कर रहे हरिद्वार के व्यापारी अब होली के बाद गर्मी के सीजन और चार धाम यात्रा से अच्छा कारोबार चलने का इंतजार कर रहे हैं। शारदीय कांवड़ यात्रा के बाद बोर्ड परीक्षा और कोई बड़ा स्नान पर्व नहीं होने के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं की आवाजाही कम हो जाती है। ऐसे में यात्रा कारोबार पर निर्भर रहने वाला व्यापार मंद पड़ जाता है। इन दिनों हरिद्वार के होटल, रेस्टोरेंट और धर्मशालाएं भी यात्री विहीन दिख रहे हैं। अप्रैल में बैशाखी स्नान से हरिद्वार के बाजारों में यात्रीयों और श्रद्धालुओं की चहल पहल एक बार फिर शुरू हो जाएगी और बाजारों में छाया सन्नाटा दूर हो जाएगा।
दरअसल हरिद्वार का पूरा व्यापार गर्मी के सीजन और चारधाम यात्रा पर निर्भर है। गर्मी के सीजन और चारधाम यात्रा के दौरान पड़ने वाले स्नान पर्वों और कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में जमकर व्यापार होता है। कांवड़ मेले के बाद बंगाली सीजन और गुजराती सीजन के चलते यात्रीयों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। दीपावली के बाद कार्तिक पूर्णिमा स्नान संपन्न होने के बाद यात्रीयों की संख्या घटने लगती है। इसके बाद शारदीय कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं से हरिद्वार में एक बार फिर चहल पहल बढ़ जाती है।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *