अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने किया निर्माण कार्यो स्थलीय निरीक्षण
पुल निर्माण और सड़क सुधारीकरण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी में सूखी नदी पर निर्माणाधीन डबल लेन स्टील गर्डर पुल तथा दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर बन रहे पुल का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किए जाने के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी ने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं पर्याप्त संसाधनों का उपयोग करते हुए पूरी क्षमता एवं दक्षता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता के मानकों का भी अनुपालन किया जाए।






अपर मेलाधिकारी ने पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर चल रहे सड़क सुधारीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को निर्देशित किया कि मार्ग के जिन हिस्सों में सीसीटीवी नेटवर्क की भूमिगत केबल डालने तथा सीवरेज लाइन से संबंधित कार्य शेष होने के कारण सड़क सुधारीकरण का कार्य लंबित था, वहां अब संबंधित कार्य पूरे हो चुके हैं। ऐसे में सड़क सुधारीकरण के लंबित कार्यों एवं फुटपाथ निर्माण के शेष कार्यों को बिना किसी विलंब के पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों का सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक है। सड़क सुधारीकरण के साथ फुटपाथ निर्माण पूरा होने से पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। बुधवार को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष राजेशचंद्र शर्मा, अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह तथा सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता बीसी पांडे सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र में विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।












