रानीपुर विधानसभा में कांग्रेस दावेदारों की लंबी फेहरिस्त
दो दर्जन से अधिक नेता टिकट की लाइन में
रानीपुर विधानसभा से चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस टिकट के दावदारों की फेहरिस्त लगातार लंबी होती जा रही है। कांग्रेस के दो दर्जन से अधिक नेता टिकट की लाइन में हैं। सभी दावेदार अपने राजनीतिक संपर्को के माध्यम से टिकट के लिए भागदौड़ करने में जुटे हैं। कांग्रेस दावेदारों की लंबी फेहरिस्त को देखकर स्थानीय राजनीति के जानकार भी हैरत में हैं। वर्तमान में भाजपा के आदेश चौहान रानीपुर से विधायक हैं और लगातार तीन बार चुनाव जीत चुके हैं। 2022 में कांग्रेस ने भेल के श्रमिक नेता राजबीर सिंह चौहान को चुनाव मैदान में उतारा था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार राजबीर सिंह चौहान के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा भी रानीपुर सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। आलोक शर्मा काफी समय से हरिद्वार में सक्रिय भी हैं। लोगों से मिलजुल रहे हैं। कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। आलोक शर्मा के अलावा पूर्व राज्यमंत्री डा.संजय पालीवाल, महेश प्रताप राणा, संजय सैनी, पूनम भगत, विमला पंाडेय, तेलूराम प्रधान, मनोज धनगर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली भी टिकट की मांग कर रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा नगर पालिका शिवालिक नगर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़े चुके है। लेकिन मामूली अंतर से हार गए थे। राव आफाक अली पार्टी का मुस्लिम चेहरा होने के साथ अन्य वर्गो में भी लोकप्रिय हैं। आलोक शर्मा और डा.संजय पालीवाल की पार्टी में अच्छी पकड़ है। अन्य दावेदार भी क्षेत्र में लगातार सक्रियता बनाए हुए हैं। दर्जनों नेताओं की दावेदारी से कांग्रेस हाईकमान की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही है। अब देखना है कि कांग्रेस हाईकमान किसके नाम पर अंतिम निर्णय लेता है। दूसरी और हरिद्वार नगर सीट पर भाजपा के कद्दावर नेता कैबिनेट मंत्री और पांच बार के विधायक मदन कौशिक के सामने कांग्रेस दावेदारों की संख्या बेहद कम हैं। इस सीट पर अभी तक महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा के नाम ही चर्चा में हैं।
2026-11-10












