12 नवम्बर से शुरू होगी जिला सीनियर क्रिकेट लीग
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ हरिद्वार द्वारा आयोजित 10वीं हरिद्वार जिला सीनियर क्रिकेट लीग का शुभारंभ 12 नवम्बर से होगा। एसएससीए मैदान पर आयोजित की जा रही लीग का उद्घाटन क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के संरक्षक पीसी वर्मा, सीएयू के पूर्व अध्यक्ष डा.गिरीश गोयल संयुक्त रूप से करेंगे। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ हरिद्वार के सचिव अमित कुमार रॉय ने बताया कि प्रतियोगिता में 19 टीमें भाग लेंगी। हरिद्वार और रुड़की के 8 मैदानों पर कुल 88 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण में 81 एकदिवसीय मुकाबले होंगे, जिनमें प्रत्येक टीम की पारी अधिकतम 40 ओवर की होगी। नॉकआउट चरण के 7 मुकाबलों में चार क्वार्टर फाइनल, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल शामिल हैं। सभी नॉकआउट मुकाबले दो दिवसीय होंगे। फाइनल मुकाबला 5 और 6 दिसंबर 2026 को खेला जाएगा। उन्होंनें बताया कि लीग के आयोजन से खिलाड़ियों को एक ही प्रतियोगिता में सीमित ओवरों और लंबे प्रारूप की क्रिकेट खेलने का अनुभव मिलेगा। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ता 60 खिलाड़ियों का प्रारंभिक चयन करेंगे। चयनित खिलाड़ियों में से हरिद्वार जिले की सीनियर क्रिकेट टीम का अंतिम चयन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *