मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया ने किया दीपावली मिलन समारोह का आयोजन
मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया हरिद्वार इकाई की ओर से दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। पुराना रानीपुर मोड़ स्थित होटल में आयोजित समारोह में पत्रकारों, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और गणमान्य नागरिकों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी रूपेंद्र प्रकाश महाराज, ठाकुर पवन चौहान एवं एडवोकेट रेनू उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। संगठन की और से अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। स्वामी रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश भी देता है। इस तरह के आयोजन समाज में एकजुटता बढ़ाने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया हरिद्वार इकाई के अध्यक्ष योगेश कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों की एकजुटता को मजबूत करना, उनके हितों की रक्षा करना और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि दीपावली मिलन जैसे आयोजन पत्रकारों को आपस में संवाद करने, विचार साझा करने और आपसी रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने का अवसर देते हैं। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन की मजबूती और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन विश्वास आनंद ने किया। कार्यक्रम में फेडरेशन के अध्यक्ष योगेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गगन शर्मा, जिला महामंत्री हितेश चौहान, कानूनी सलाहकार रेनू उपाध्याय, डा.अर्जुन नागयान, विवेक शर्मा, विनीत शर्मा, सनत शर्मा, राकेश वर्मा, अश्वनी वर्मा एवं नवीन जुनेजा सहित पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
2026-11-07












