विधि विधान के साथ गंगा में विसर्जित की गयी प्रतीक यादव की अस्थियां
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के दिवंगत बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां वीआईपी घाट पर पूरे विधि विधान के साथ गंगा में विसर्जित की गयी। इस दौरान प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव, दोनों बेटियां, योगगुरु स्वामी रामदेव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव और सांसद आदित्य यादव समेत कई सपा नेता मौजूद रहे। यादव परिवार के तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन ने अस्थि प्रवाह संपन्न कराया। इस दौरान अपर्णा यादव भावुक नजर आईं। प्रतीक यादव के चचेरे भाई सांसद आदित्य यादव ने अस्थि कर्म कराया।

गौरतलब है कि पिछले दिनों प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया था। शनिवार को परिजन उनकी अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंचे थे। योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि प्रतीक यादव बहुत ही हंसमुख और मिलनसार व्यक्ति थे। उनका असमय निधन होना पूरे परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है। स्वामी रामदेव ने कहा कि गौ माता की सेवा और सनातन धर्म में उनकी अटूट निष्ठा थी। वे गौशाला चलाते थे और उनका जीवन बहुत ही प्रमाणिक आदर्श जीवन रहा। ईश्वर प्रतीक यादव की दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्रदान करे। स्वामी रामदेव ने कहा कि किसी को भी विश्वास नहीं था कि प्रतीक यादव इतनी कम उम्र में सबको छोड़कर चले जाएंगे। योगगुरु स्वामी रामदेव ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जिम के साथ योग करना भी आवश्यक है। जीवन में उतार चढ़ाव आते रहते हैं लेकिन कभी भी अपने पथ से हटना नहीं है। पंडित शैलेश मोहन ने बताया कि शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव अस्थि कलश लेकर हरिद्वार आए थे। उन्होंने ही अस्थि कर्म संपन्न कराया है। मां गंगा से प्रार्थना की गई है, मां गंगा प्रतीक यादव की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को गहरा दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस दौरान प्रतीक यादव के मामा के बेटे सक्षम गुप्ता उनकी दोनों बेटियां शाइन और ब्लश के अलावा स्थानीय सपा कार्यकर्ता चंद्रशेखर यादव, आशीष यादव, लवदत्ता, राजेंद्र पाराशर, साजिद अली, शैलेष मोहन, अभिषेक शर्मा, नवाब, वीरेंद्र यादव, गौरव यादव, कार्तिक, विक्की, हाजी शहजाद, नसरूद्दीन, मुंशी शकील आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *