भोला गिरी आश्रम के वार्षिक उत्सव पर निकाली भव्य शोभायात्रा
विश्व की सबसे महान संस्कृति है सनातन संस्कृति-महामंडलेश्वर स्वामी तेजेसानंद
भोलागिरी आश्रम के 98वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। बैंडबाजों और भव्य झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा भोलागिरी आश्रम से नगर कोतवाली होते हुए हरकी पैड़ी पहुंची। हरकी पैड़ी पर पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए बिल्केश्वर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। भोलागिरी आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी तेजेसानंद ने कहा कि सनातन धर्म संस्कृति विश्व की सबसे महान संस्कृति है। सेवा और संस्कृति के केंद्र भोला गिरी आश्रम की परंपरांओं को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि संत महापुरूषों द्वारा स्थापित ज्ञान परंपरा के अनुसरण से जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी तेजेसानंद महाराज के सानिध्य में भोला गिरी आश्रम सनातन धर्म संस्कृति के संरक्षण संवर्द्धन में अहम भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर स्वामी कार्तिक गिरी, स्वामी वासुदेवानंद, स्वामी ऋषि आनंद, अमित गिरी, स्वामी अभिनंदन गिरी, वीर गिरी, आचार्य दीपक नौटियाल, ऋषि शर्मा, शंकर बग्गा, रोहित गिरी, सत्यम शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
2026-04-15












