वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने भेल के जीएम एचआर को सौंपा ज्ञापन
वेज रिवीजन के लाभ से वंचित सेवानिवृत कर्मचारियों को वार्षिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की
वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने भेल के जीएम एचआर सुमति शर्मा मिलकर उनके माध्यम से माध्यम से भेल कॉपोरेट कार्यालय को 6 सूत्रीय ज्ञापन प्रेषित किया। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन के अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने बताया कि 2007 से पहले सेवानिवृत होने के कारण वेज रिवीजन के लाभ से वंचित कर्मचारियों को 10 हजार रूपए वार्षिक आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जा रही थी। जिसे संस्थान की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने का हवाना देकर बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संस्थान की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई। इसलिए वार्षिक सहायता पुनः शुरू की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने भेल मुख्य चिकित्सालय में नेत्र चिकित्सक की नियुक्ति करने, मुख्य चिकित्सालय आने जाने के लिए ई रिक्शा का संचालन करने, ठेका श्रमिक के तौर पर काम कर रहे तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को स्थायीकरण में वरीयता दिए जाने, ठेका कर्मचारियों को दिए जाने वाले ब्रेक की अवधि एक महीने से घटाकर 15 दिन किए जाने और 75 वर्ष से अधिक आयु के रोगियों को चिकित्सालय में पंजीकरण के दौरान अधिमान दिए जाने की मांग भी की। संगठन अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि संस्थान को सेवानिवृत कर्मचारियों के हितों में तेजी से निर्णय लेना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में चौधरी चरण सिंह, विद्यासागर गुप्ता, बाबूलाल सुमन, एससीएस भास्कर, श्याम सिंह, रामसागर सिंह, एससी ग्रोवर, अरूण सिंह राणा आदि शामिल रहे।
2026-10-17











