अंकिता भंडारी के माता पिता को हिरासत में लिए जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस ने किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
राज्यपाल के रूप में दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने और निष्पक्ष व समयबद्ध जांच की मांग की
दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने और दिल्ली में न्याय की गुहार लगा रहे अंकिता भंडारी के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देवपुरा चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने और अंकिता भंडारी मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की। विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि अपनी बेटी खो चुके माता-पिता को न्याय के लिए सड़कों पर बैठना पड़े और सरकार उनकी पीड़ा सुनने के बजाय पुलिस कार्रवाई करे, तो यह सत्ता की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी बेटी को भूला नही है और उसके परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगा। युवा नेता वरुण बालियान और वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता ने कथित वीआईपी के संबंध में दुष्यंत गौतम का नाम लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार के सवालों का जवाब निष्पक्ष और विश्वसनीय जांच से ही मिल सकता है। उन्होंने कहा जिस व्यक्ति को लेकर पीड़ित परिवार गंभीर सवाल उठा रहा है, उसे जांच पूरी होने से पहले राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्त करना आखिर क्या संदेश देता है। भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि उसकी प्राथमिकता बेटी के परिवार का विश्वास जीतना है या अपने नेता को ऊंचा पद देना। दुष्यंत गौतम की नियुक्ति न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिवार के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और पूर्व नगर अध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने कहा कि इस नियुक्ति ने कथित वीआईपी को राजनीतिक संरक्षण दिए जाने की आशंकाओं को और मजबूत किया है। महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी ने कहा कि इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता को तड़के हिरासत में लिया जाना बेहद निंदनीय हैैै। पार्षद हिमांशु गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु राजपूत और ओबीसी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि अंकिता के परिवार को विश्वास और सहारे की जरूरत है। कांग्रेस इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। प्रदर्शन में सीपी सिंह, दाताराम चौहान, मण्डलम अध्यक्ष दिनेश चौहान, अमित गुप्ता, विशाल अग्रवाल, शुभम जागरिया, गौरव गोस्वामी, अरूण चौहान, सतेंद्र वर्मा, एलएस रावत, गौरव गोस्वामी, वार्ड अध्यक्ष नंदन कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *