राजकीय महाविद्यालय भूपतवाला के भूमि आवंटन और नशे की बढ़ती समस्या को लेकर अभाविप ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राजकीय महाविद्यालय भूपतवाला के स्थायी भूमि एवं भवन निर्माण में आ रही बाधाओं और नशे की बढ़ती समस्या को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन ज्ञापन देने का ऐलान किया है। देवपुरा स्थित कार्यालय पर आयोजित अभाविप की बैठक में छात्र हितों की अनदेखी एवं प्रतिबंध के बाद भी हरिद्वार में शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गयी। बैठक में आगामी 4 नवंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले और भूपतवाला महाविद्यालय के छात्र संघ पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय भूपतवाला के स्थायी भवन निर्माण के लिए सर्वानंद घाट के पास भूमि आवंटन का नगर निगम बोर्ड बैठक में पारित किया गया प्रस्ताव दो साल से अधिक समय से धूल फांक रहा है। अधिकारियों की लापरवाही के चलते आज तक भूमि आवंटन नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में तमाम स्थानों पर अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही है। कालेज कैंपस के आसपास नशे का अवैध कारोबार चल रहा है। जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। छात्र संघ अध्यक्ष सनी शर्मा ने कहा कि 15 दिनों के भीतर प्रस्तावित भूमि का आवंटन महाविद्यालय को किया जाए। यदि तय समय सीमा के भीतर कालेज भवन निर्माण के लिए भूमि का आवंटन नहीं किया जाता है तो अभाविप आंदोलन के लिए बाध्य होगा। छात्र नेता पारस कश्यप, मुस्कान चौधरी और परी श्रीवास्तव ने कहा कि एनएसयूआई द्वारा 3 नवम्बर को महाविद्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी जा रही है। इस समय महाविद्यालय में परीक्षा सत्र संचालित हो रहा है। ऐसे में छात्रों से अपील की है कि परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने दें और कालेज के वातावरण को व्यवस्थित व शांतिपूर्ण बनाए रखकर परीक्षाओं को संपन्न होने में सहयोग करें। बैठक में छात्रसंघ पदाधिकारियों के साथ अभाविप की नगर मंत्री रुद्राक्षी त्रिपाठी, विवेक सोम, शुभम मिश्रा, प्रिंस शुक्ला सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *