जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के उपलक्ष्य में अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन
पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब ने दिया इंसानियत का पैगाम-हाजी शफी खान
पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्मोत्सव जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के उपलक्ष्य में अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी के संयोजन में ज्वालापुर स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने रक्तदान किया। शिविर में 115 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। ब्लड बैंक हरिद्वार की चिकित्सीय टीम ने रक्तदान शिविर संपन्न कराया। सोसाइटी के सदर हाजी शफी खान एवं जनरल सेक्रेटरी राहील कुरैशी ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर प्रति वर्ष समाजसेवा के कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को इंसानियत का पैगाम देने वाले पैगम्बर मोहम्मद साहब के दिखाए मार्ग का अनुसरण करते हुए सभी को समाजसेवा में योगदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ी मानव सेवा है। आपके द्वारा दिया गया रक्त किसी के जीवन की रक्षा करने में उपयोग होता है। इसलिए सभी को आगे आकर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान मानवता की रक्षा करता है। सोसाइटी के उपाध्यक्ष हाजी रफी खान एवं हाजी जमशेद खान ने कहा कि विभिन्न रोगों से मानव जीवन बचाने के लिए रक्त की आवश्यकता होती है। रक्तकोष की कमी को दूर करने के लिए रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं आती है। रक्तदान करने शरीर में नए रक्त का संचार होता है। जिससे स्वास्थ्य बेहतर होता है। इस अवसर पर कारी तबारक, हारून खान, मोंटू, राव फरमान, बबलू खान, शाहवेज खान, आलम सैफी, कालू कुरैशी, शाहबाज कुरैशी, तंजीम, आदिल, मनव्वर, शहराज खान, नौशाद अली, गजनफर अंसारी, समीर आदि मौजूद रहे।












