विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने किया फार्मा प्रदर्शनी व समिट का शुभारंभ
लघु उद्योग भारती और एमटेक इंडिया द्वारा सिडकुल स्थित प्रदर्शनी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय औद्योगिक एवं फार्मा प्रदर्शनी व फार्मा समिट का शुभारंभ मुख्य अतिथी विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने किया। इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा कि उत्तराखंड में फार्मा उद्योग के लिए अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय उद्यमियों से गुणवत्ता, अनुसंधान और नवाचार को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथी लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र एवं आरएसएस के प्रांत प्रचारक डा.शैलेंद्र ने कहा कि फार्मा सेक्टर में तकनीकी उन्नयन और गुणवत्ता मानकों का पालन ही वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने का मूल मंत्र है।
प्रदर्शनी एवं फार्मा समिट में लगभग 150 कंपनियों ने अपनी अत्याधुनिक मशीनरी, उन्नत परीक्षण उपकरणों और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी मे लगाए गए विभिन्न स्टॉल पर नवीनतम तकनीकी समाधानों को लेकर उद्यमियों और निवेशकों ने गहन चर्चा की।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। उद्योगपतियों ने आयोजन को प्रेरणादायी बताते हुए इसे उद्योग जगत के लिए उपयोगी पहल करार दिया। कहा कि फार्मा समिट तकनीकी आदान-प्रदान, नेटवर्किंग और नए व्यापारिक अवसरों की दिशा में एक प्रभावी मंच सिद्ध हो रहा है। इस आयोजन से भविष्य में निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाएं और मजबूत होंगी। लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित त्यागी, हरिद्वार जिला अध्यक्ष मनोज पुंडीर, जिला महामंत्री निखिल गोयल, उपाध्यक्ष विनय, सुरजीत भुल्लर, गजेंद्र सिंह आदि ने अतिथीयों का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *