जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पंडित नेहरू को नमन
देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। ऋषिकुल स्थित कार्यालय पर पंडितम नेहरू को नमन करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील भारत की मजबूत नींव रखने वाले महान दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्रता के बाद भारत को लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष एवं मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके कार्यकाल में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग, चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में मजबूत संस्थानों की स्थापना हुई, जिन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर शिक्षा एवं संस्कार से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। इसी भावना के साथ उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। कहा कि आज देश को पंडित नेहरू के लोकतांत्रिक मूल्यों, वैज्ञानिक सोच, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे के विचारों को अपनाने की आवश्यकता है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर राजू चित्कारा, धर्मराज सैनी, जवाहर चावला, जावेद आलम, कमल सैनी, नेकीराम, शिवम वाल्मीकि, प्रेम सिंह, आनंद, अनूप, इशांत जांगीड़, सोमपाल, राजेश, अंशुल, सोनू सैनी, प्रिंस गैरोला, पप्पू, अनूप ठेकेदार आदि मौजूद रहे।
2026-11-14












