अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी डा.संतोषानंद देव महाराज पेश करेंगे हरिद्वार नगर सीट से भाजपा टिकट की दावेदारी
अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार नगर सीट पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भाजपा से टिकट के दावेदारों में संत समाज के प्रतिनिधियों के नाम भी सामने आने लगे हैं। निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत राजगिरी महाराज के बाद अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर डा.स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने भी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। वह जल्द ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर हरिद्वार नगर सीट से अपनी दावेदारी पेश करेंगे। महामंडलेश्वर डा.स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने कहा कि राजसत्ता धर्मसत्ता के बिना अधूरी है। ऐसे में संतों का राजनीति में आना कोई नई बात नहीं है। संत समाज भी जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करना चाहता है। जिस प्रकार राजनेता जनता की सेवा के उद्देश्य से राजनीति में आते हैं, उसी प्रकार संत भी गरीब और असहाय लोगों की मदद कर समाज के कल्याण में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद जनसेवा के कार्यों को और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार नगर विधानसभा क्षेत्र में संत समाज की बड़ी उपस्थिति है। इसलिए भाजपा को इस सीट से संत समाज के प्रतिनिधि को टिकट देना चाहिए।
संत समाज संतों की दावेदारी को लेकर उत्साहित है। शिवालय निकेतन धाम के परमाध्यक्ष स्वामी नागेंद्र महाराज ने हरिद्वार नगर सीट से संतों की दावेदारी का समर्थन करते हुए कहा कि हरिद्वार विश्व की आध्यात्मिक राजधानी और संतों की नगरी है। इसलिए हरिद्वार से संत समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। संत-महंत अपने श्रद्धालुओं के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए भी बेहतर कार्य करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद देव महाराज और श्रीमहंत राजगिरी महाराज दोनों ही विद्वान संत हैं। यदि दोनों में किसी को भी अवसर दिया गया तो धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप हरिद्वार का विकास होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *