पॉड टैक्सी के रूट पर फिर हो विचार, गंगा किनारे से निकाला जाए वैकल्पिक मार्ग : स्थानीय व्यापारियों के हितों की अनदेखी न करे सरकार
धर्मनगरी हरिद्वार में प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को लेकर एक बार फिर रूट निर्धारण पर सवाल उठने लगे हैं। परियोजना का उद्देश्य हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और श्रद्धालुओं को आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। लेकिन हाल ही में सामने आए नए रूट को लेकर स्थानीय व्यापारियों के हितों और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। अनुज गुप्ता ने कहां की अखबार में प्रकाशित जानकारी के अनुसार पॉड टैक्सी का लगभग 21.08 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाना प्रस्तावित है। नए रूट में उत्तरी हरिद्वार का मार्ग भी शामिल है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या रूट निर्धारित करते समय स्थानीय व्यापारियों के रोजगार, बाजारों की स्थिति और भविष्य में होने वाले व्यावसायिक नुकसान का उचित आकलन किया गया उत्तरी हरिद्वार धार्मिक पर्यटन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में धर्मशालाएं, आश्रम, होटल, दुकानें और छोटे-बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। यदि पॉड टैक्सी के लिए बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में निर्माण कार्य किया जाता है तो इससे व्यापारियों की रोजी-रोटी प्रभावित होने की आशंका है। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने एक वैकल्पिक सुझाव भी सामने रखा गंगा किनारे उपलब्ध खाली सरकारी भूमि, विशेषकर सिंचाई विभाग के अधीन भूमि का सर्वेक्षण कराकर पॉड टैक्सी के लिए वैकल्पिक कॉरिडोर की संभावनाएं तलाशनी चाहिए। यदि तकनीकी और पर्यावरणीय दृष्टि से यह संभव हो तो गंगा किनारे से गुजरने वाला मार्ग हरिद्वार की एक अलग पहचान बन सकता है।
इस मार्ग से सफर करने वाले श्रद्धालुओं को मां गंगा के दर्शन और प्राकृतिक सौंदर्य का बेहतर अनुभव मिल सकता है। साथ ही यदि सरकारी भूमि का उपयोग संभव होता है तो निजी भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता कम हो सकती है और सरकार के करोड़ों रुपये की संभावित बचत भी हो सकती है।
प्रदर्शन के दौरान प्रतिष्ठित व्यापारी गोपाल जैन ने कहा कि हम पॉड टैक्सी परियोजना के विरोधी नहीं हैं। हम भी चाहते हैं कि हरिद्वार में आधुनिक सुविधाएं विकसित हों, लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए जिससे स्थानीय व्यापारियों का रोजगार प्रभावित न हो। सरकार को रूट तय करने से पहले व्यापारियों और स्थानीय लोगों की राय अवश्य लेनी चाहिए।
अनुज गुप्ता ने बताया कि
जब गंगा किनारे सरकारी भूमि की उपलब्धता और उसके उपयोग की संभावना पर विचार किया जा सकता है, तो इस विकल्प को नजरअंदाज क्यों किया जा रहा है सरकार को दोनों रूटों का तुलनात्मक सर्वे कराना चाहिए। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव और हरिद्वार को एक आकर्षक पर्यटन कॉरिडोर मिल सकता है।
हम मुख्यमंत्री, शहरी विकास विभाग, हरिद्वार विकास प्राधिकरण और परियोजना से जुड़े अधिकारियों से मांग करते है कि वर्तमान रूट को अंतिम रूप देने से पहले गंगा किनारे वाले वैकल्पिक मार्ग का तकनीकी सर्वे कराया जाए। सिंचाई विभाग की भूमि की वास्तविक उपलब्धता, पर्यावरणीय प्रभाव, निर्माण लागत और भूमि अधिग्रहण की जरूरत का तुलनात्मक अध्ययन सार्वजनिक किया जाए।
सवाल सिर्फ पॉड टैक्सी चलाने का नहीं, बल्कि उसके सही रूट का है। हरिद्वार में विकास जरूर हो, लेकिन ऐसा विकास हो जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले, व्यापारियों का रोजगार सुरक्षित रहे और सरकारी धन का भी सही उपयोग हो। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से अजय अरोड़ा, पंकज सुखिजा, अनिल शर्मा, सुनील गुप्ता, रवि जैन, ललित कुमार, चन्दशेखर, गिरिश , राजकुमार, रामचन्दर, विवेक, राहुल, मोन्टी, रमन, राजू वाधवा आदि व्यापारी मोजूद थे।












