हर की पैड़ी पर शांतिकुंज के 200 से अधिक स्वयंसेवकों ने चलाया गंगा स्वच्छता अभियान
वीआईपी घाट से हाथी पुल तक किया श्रमदान, कई ट्रॉली कचरा हटाया

विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल हर की पैड़ी पर गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के 200 से अधिक स्वयंसेवकों ने विशेष गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और शांतिकुंज के संयुक्त प्रयास से आयोजित अभियान में वीआईपी घाट से हाथी पुल तक व्यापक सफाई की गई। इस दौरान गंगा क्षेत्र में जमा पुराने कपड़े, प्लास्टिक, काँच और अन्य अपशिष्ट सामग्री निकालकर कई ट्रॉलियों में भरकर हटाई गई। जिला प्रशासन के आग्रह और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष एवं जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या के निर्देशानुसार यह अभियान संचालित किया गया। गायत्री मंत्र और स्वस्तिवाचन के साथ अभियान का शुभारंभ हुआ।
स्वच्छता अभियान में शांतिकुंज के स्वयंसेवकों के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए साधकों और प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर गंगा की निर्मलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
   स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने अपने संदेश में कहा कि गंगा की स्वच्छता बनाए रखना सरकारी विभागों के साथ ही प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा में प्लास्टिक, कपड़े, खंडित मूर्तियाँ और अन्य अपशिष्ट सामग्री नहीं डालने की अपील की। उन्होंने बताया कि गायत्री परिवार विगत कई दशकों से गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण के अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाता आ रहा है।
इस अवसर पर सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विकास त्यागी एवं भारत भूषण, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत तथा शांतिकुंज आपदा प्रबंधन विभाग के मंगल सिंह गढ़वाल सहित अनेक कार्यकर्ताओंb और प्रतिनिधियों ने अभियान में भागीदारी की। अभियान के माध्यम से गंगा घाटों की सफाई के साथ नदी संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *