जन आवाज मंच ने की अपराध और नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग
बढ़ते अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर जन आवाज मंच के पदाधिकारियों ने मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना दिया। मंच ने अफीम, गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के साथ ही अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। धरने की अध्यक्षता राज्य आंदोलनकारी धर्मपाल भारती और संचालन दीपक कोरी ने किया। दीपक कोरी ने कहा कि यदि अपराधों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो मंच अपना आंदोलन तेज करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर हरिद्वार में समिति गठित कर पैदल मार्च निकाला जाएगा और पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। सुरेंद्र सैनी ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में बढ़ते अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अपराधियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। धरने में जन आवाज मंच के संस्थापक अनिल कुमार एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
2026-10-27












