विश्व योग दिवस पर पतंजलि की इकाईयों में किया विशेष योग सत्र का आयोजन
हरिद्वार, 21 जून। विश्व योग दिवस पर पतंजलि योगपीठ, दिव्य योग मंदिर कनखल, पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क पदार्था, दिव्य फार्मेसी ए-1, योगग्राम आदि में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पतंजलि की समस्त इकाईयों के अधिकारियों, कर्मचारियों, वानप्रस्थियों, छात्र-छात्राओं तथा ने योग और प्राणायाम आदि का अभ्यास किया।
योगगुरू स्वामी रामदेव के दिशानिर्देशन में पतंजलि योगपीठ तथा हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग हरियाणा के संयुक्त तत्वाधान में कुरुक्षेत्र में विश्व योग दिवस आयोजित किया गया। जिसमें एक लाख से अधिक योग साधकों ने एक साथ योगाभ्यास किया। स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ब्रह्मसरोवर कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक भूमि पर योग साधकों को योगाभ्यास कराया। इसके अलावा पतंजलि योग समिति के माध्यम से देश के समस्त 650 जिलों में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत निःशुल्क योग का प्रशिक्षण दिया गया।
हरिद्वार में पतंजलि वेलनेस, पतंजलि योगपीठ-।। के सभागार योग भवन में आयोजित कार्यक्रम में योग एवं षट्कर्म विभाग के प्रमुख डा.सचिन त्यागी के दिशानिर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगसत्र का आरम्भ किया गया। प्रार्थना के पश्चात् सत्र की शुरुआत ग्रीवा, घुटनों तथा कंधों के सूक्ष्म व्यायाम से हुई। इसके उपरान्त खड़े होकर करने वाले आसनों में ताड़ासन का अभ्यास कराते हुए डा.त्यागी ने बताया कि ताड़ासन से बच्चों की लम्बाई बढ़ती है, रीढ़ की हड्डी सुदृढ़ रहती है तथा सम्पूर्ण शरीर को स्थायित्व मिलता है। वृक्षासन से न्यूरो-पेशी समन्वय में सुधार होता है। शारीरिक संतुलन और सतर्कता में वृद्धि होती है। पैर की मांसपेशियाँ सुदृढ़ होती हैं।
पतंजलि वेलनेस के सेवा प्रमुख स्वामी बजरंगदेव ने कहा कि योग एक अप्रतिम विद्या है। योग मात्र व्यायाम नहीं अपितु समग्र स्वास्थ्य के लिए उपयुक्त जीवन पद्धति है। स्वामी रामदेव महाराज ने योग को कन्दराओं से निकालकर पूरे विश्व में प्रतिष्ठित किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण के कारण हवा, पानी तक दूषित हो चुके हैं। ऐसे में योग ही स्वस्थ व आनंदमय जीवन की कुंजी है। धर्म, मत, पंथ, जाति, सम्प्रदाय से परे साम्प्रदायिक सौहार्द स्थापित करने में भी योग की बड़ी भूमिका है।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (ट्रस्ट) ब्रिगेडियर (से.नि.) टी.सी. मल्होत्रा, पतंजलि विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डा.मयंक अग्रवाल, कुलसचिव आलोक कुमार सिंह, मानव संसाधन प्रमुख तरुण राजपूत, पतंजलि विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा.एके सिंह, पतंजलि अनुसंधान संस्थान के उपाध्यक्ष डा.अनुराग वार्ष्णेय, पतंजलि आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो.अनिल कुमार, पतंजलि आयुर्वेदिक हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.अरुण कुमार पाण्डेय, डा.दयाशंकर, पतंजलि वेलनेस के वरिष्ठ चिकित्सक डा.कनक सोनी, डा.सत्यप्रकाश मिश्र तथा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *