आयुर्वेदिक चिकित्सालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का कार्यबहिष्कार सातवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने चिकित्सालय गेट पर विश्वविद्यालय प्रशासन के विरूद्ध नारेबाजी और प्रदर्शन किया तथा वेतन भत्तों के भुगतान के लिए जल्द कार्यवाही नहीं किए जाने पर 26 जून को चिकित्सालय में सांकेतिक तालाबंदी करने की चेतावनी दी। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा, गुरूकुल उपशाखा अध्यक्ष ताजबर सिंह, मंत्री मनीष पंवार, उपाध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। कर्मचारी परिवार के लिए ना तो राशन खरीद पा रहे हैं और ना ही बच्चों की स्कूल फीस का भुगतान कर पा रहे हैं। प्रदेश कोषाध्यक्ष राकेश चंद्र, उपशाखा ऋषिकुल के अध्यक्ष छत्रपाल सिंह, लोकेंद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को या तो निदेशक आयुर्वेदिक यूनानी सेवाएं उत्तराखंड के अंतर्गत किया जाए या फिर ट्रेजरी से वेतन दिलाया जाए। जिससे कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याएं दूर हो सकें। यदि जल्द वेतन भुगतान नहीं किया जाता है तो ऋषिकुल और गुरुकुल आयुर्वेदिक चिकित्सालय में तालाबंदी और कार्यबहिष्कार जारी रहेगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी आयुर्वेद विश्विद्यालय प्रशासन देहरादून की होगी। कार्यबहिष्कार और धरना प्रदर्शन में दिनेश लखेडा, अनिल कुमार तन्हा, मनीष पंवार, अरूण कुमार, छत्रपाल सिंह, ताजबर सिंह नेगी, त्रिलोकी प्रसाद, पप्पू सहदेव, राजू कश्यप, अंकित, नीलम बिष्ट, ममता पाल, लोकेंद्र कुमार, मोहित कुमार, कमलेश, पुष्पा देवी, सतीश चंद, राकेश चंद्र आदि शामिल रहे।
2025-06-23












