संविधान की सौगंध देश व देशवासियों से हमेशा प्यार करेंगे-राव आफाक अली
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली ने छात्र-छात्राओं को दिलायी संविधान की सौगंध
हरिद्वार, 26 नवम्बर। संविधान दिवस के इस अवसर पर राजकीय इंटर कालेज सलेमपुर में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली ने छात्र-छात्राओं व अध्यापकों को संविधान की सौगंध दिलाई कि “हम अपने भारत देश, इस देश की पावन धरा तथा इस देश के सर्वसमाज के बाशिंदों से हमेशा प्यार करते रहेंगे। हम किसी भी प्रकार के भेदभाव या नफ़रत रूपी उन राक्षसों को स्वीकार नहीं करेंगे, जांे इस देश की तरक्क़ी व फ़लाह-ओ-बहबूदी में रुकावट पैदा करते हैं।”
राव अफाक अली ने कहा कि इस देश के सभी नागरिक अपने वतन भारत से प्यार करते हैं, क्योंकि सर्वधर्म व सर्वसमाज के लोगों ने ही 1857 से 1947 तक लगभग 90 वर्षों के कठोर संघर्ष व बलिदान से देश को आज़ाद कराया था। इसके बाद लगभग 3 वर्षों में सर्वसमाज व सर्वधर्म के लोगों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं का सम्मान करते हुए हमारे महान नेताओं ने मिलकर संविधान का निर्माण किया और उसे स्वतंत्र भारत में लागू किया। हम संविधान सभा के महान अध्यक्ष डा.भीमराव अम्बेडकर, महात्मा गांधी, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, खान अब्दुल गफ़्फ़ार ख़ान, पंडित जवाहरलाल नेहरू आदि सभी महापुरुषों को शत-शत नमन करते हैं, जिनके अथक प्रयासों से हमें यह महान संविधान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर कालेज के सभी अध्यापक व अध्यापिकाएं, अभिभावक एवं हज़ारों विद्यार्थियों ने संविधान की सौगंध खाकर देश में भाईचारा, सद्भावना व एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य विजयपाल सिंह, सूरज सिंह, नरेश चंद्र, विनोद कुमार, गीता देवी, प्रेमलता सिंह, विमल कुमार पाल, शांति देवी तथा अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
2025-11-26












