भीमगोड़ा काली मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर मलबा आने से प्रभावित हुआ ट्रेनों का संचालन
हरिद्वार, 8 सितम्बर। भीमगोड़ा काली मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर मनसा देवी पहाड़ी से मलबा आने से हरिद्वार देहरादून के बीच रेल मार्ग बाधित हो गया। सोमवार सवेरे भीमगोड़ा काली मंदिर के पास मनसा देवी पहाड़ी पर हुए भूस्खलन की वजह से भारी मात्रा में मलबा रेलवे ट्रैक पर आ गया। जिससे भीमगोड़ा रेलवे सुरंग से आगे ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बाधित हो गया। ट्रैक पर मलबा आने से हरिद्वार से देहरादून जाने वाली और देहरादून तथा ऋषिकेश से हरिद्वार आने वाली तमाम ट्रेनों का संचालन कई घंटों तक बाधित रहा। ट्रैक पर मलबा आने की सूचना पर रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का काम शुरू कराया। एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर पहाड़ का मलबा आने से वंदे भारत, डीएलएस सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। मलबा हटाने में 8 से 10 घंटे का समय लगेगा। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *