भगवान शिव की आराधना को समर्पित है सावन-स्वामी ऋषि रामकृष्ण
हरिद्वार, 11 जुलाई। खड़खड़ी स्थित निर्धन निकेतन आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ऋषि रामकृष्ण महाराज ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना को समर्पित विशेष महीना है। सावन में पूर्ण विधि विधान से भगवान शिव की आराधना से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। आश्रम में श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी ऋषि रामकृष्ण महाराज ने कहा कि देवों के देव महादेव भगवान अत्यन्त कृपालु देव हैं। श्रद्धा भाव से समर्पित किए गए एक लोटा जल से ही प्रसन्न होकर भगवान शिव भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण कर देते हैं। उन्होंने कहा कि यूं तो भगवान शिव की आराधना कभी भी की जा सकती है। लेकिन सावन में शिव आराधना का विशेष महत्व है। सावन में भगवान शिव कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में विराजमान रहकर संसार का संचालन करते हैं। कांवड़ लेने आने वाले शिव भक्त कांवड़ियों से अपील करते हुए स्वामी ऋषि रामकृष्ण महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा धार्मिक यात्रा है। आत्मसंयम का परिचय देते हुए यात्रा करें। हुड़दंग बाजी से पूरी तरह दूर रहें। सरकार और प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पालन करें।
2025-07-11