श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने दी फरसे वाले बाबा को श्रद्धांजलि
निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाए सरकार-पंडित अधीर कौशिक
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने परशुराम घाट पर गंगा में पुष्पांजलि अर्पित कर मथुरा के गौसेवक चंद्रशेखर सिंह फरसे वाले बाबा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान कई साधु संत और अखाड़े के कार्यकर्ता शामिल रहे।
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने आरोप लगाते हुए कहा कि मथुरा में चंद्रशेखर सिंह फरसे वाले बाबा की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि इस घटना से देशभर के गौसेवकों में रोष है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों को सख्त सजा दी जाए। पंडित अधीर कौशिक ने सरकार से गौसेवा आयोग का गठन करने उसमें जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले गौसेवकों को शामिल करने की मांग भी की। स्वामी सत्यव्रतानन्द ने कहा कि देश में गौ सेवा करने वाले लोगों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाए और गौसेवकों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाया जाए और प्रभावी रूप से कानून का पालन कराया जाए। कथाव्यास पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि फरसे वाले बाबा का जीवन पूरी तरह गौ सेवा और समाज कल्याण के लिए समर्पित था। उनकी हत्या एक जघन्य अपराध है, जिसमें शामिल तस्करों और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा के लिए कड़े कानून बनाए जाएं। बाबा द्वारा संचालित गौशालाओं को संरक्षण और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि गौ सेवा का कार्य निरंतर चलता रहे। इस अवसर पर स्वामी कार्तिक गिरी महाराज, दिनेश बाली, नीलेंद्र गौतम, सचिन पैन्यूली, जितेंद्र शर्मा, ऋषि शर्मा, लवली चौहान, रुद्राक्ष भट्ट, आदित्य जगुड़ी, कृष्णा गिरी, कमल मुनि महाराज, विशाल गिरी, सुमित गोस्वामी, मनोहर गिरी और शुभम दास सहित कई लोग मौजूद रहे।












