त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति थे ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी-मदन कौशिक
संतों के प्रति अगाध श्रद्धा रखते हैं मदन कौशिक-स्वामी ललितानंद गिरी
प्रदेश को मिलेगा मदन कौशिक के राजनीति और प्रशासनिक अनुभव का लाभ
-आईडी शास्त्री
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी की मूर्ति पर माल्यार्पण
नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने भारत माता मंदिर पहुंचकर ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भारत माता मंदिर के महंत महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी एवं समन्वय सेवा ट्रस्ट एवं जनहित ट्रस्ट भारत माता मंदिर के महासचिव आईडी शास्त्री ने फूलमाला पहनाकर मदन कौशिक का स्वागत किया। मदन कौशिक ने कहा कि भारत माता मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति एवं समस्त संत समाज के प्रेरणा स्रोत थे। राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित उनका जीवन सदैव सभी को सेवा कार्यों की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होेंने कहा कि अगले वर्ष होने वाला कुंभ मेला अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में दिव्य और भव्य रूप से संपन्न होगा। कुंभ मेले के दौरान संतों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी ने कहा कि मदन कौशिक संतों के प्रति अगाध श्रद्धा भाव रखने वाले नेता हैं। उनके पुनः मंत्रिमंडल में शामिल होने से हरिद्वार के विकास को गति मिलेगी। आईडी शास्त्री ने कहा कि मदन कौशिक अनुभवी राजनेता हैं। उनके राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक कौशल का लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा। इस अवसर पर भाजपा नेता विकास तिवारी, पार्षद आकाश भाटी, विदित शर्मा, अनिरूद्ध भाटी, लक्की सचदेवा सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *