बहादराबाद में अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत के बाद भीम आर्मी व परिजनों का हंगामा
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र स्थित जया मैक्सवेल अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि बीते दिन तबीयत खराब होने पर मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन इलाज के दौरान शनिवार सुबह मरीज की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार के समर्थन में भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी इस अस्पताल में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें मरीजों की मौत हो चुकी है।
हंगामा बढ़ता देख बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। वहीं मौके पर पहुंचे सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि परिजनों से लिखित शिकायत ले ली गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच के लिए पैनल गठित किया जाएगा और यदि जांच में डॉक्टरों की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *